India Pakistan War :भारत—पकिस्तान तनाव के बीच सीएम डॉ. मोहन यादव ने की उच्चस्तरीय बैठक
प्रदेश में हर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश

भोपाल। भारत पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल स्थित समत्व भवन में प्रदेश की सुरक्षा को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौजूदा हालातों को देखते हुए प्रदेश में हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हालात को देखते हुए देश में डॉक्टर और पुलिस कर्मियों को छुट्टी पर नहीं जाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरी नागरिक सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए, और सुरक्षा से जुड़े सभी ऐहतियात कदम तुरंत लागू किए जाएं। उन्होंने अफवाहों पर नियंत्रण और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों व प्रचार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि लोगों को सचेत और जागरूक करना जरूरी है, ताकि कोई भी भ्रामक जानकारी उन्हें भ्रमित न कर सके। डॉ. यादव ने आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत करने पर जोर दिया है।