रामायण की गूंज विश्व स्तर पर, 51 करोड़ दर्शकों ने देखा लाइव

अयोध्या। भगवान राम की नगरी अयोध्या में आयोजित इस वर्ष की रामलीला ने एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर 51 करोड़ से अधिक दर्शकों ने इसे देखा, जो पिछले वर्ष के 47 करोड़ के आंकड़े को पार करते हुए एक ऐतिहासिक उपलब्धि बन गई।
रामलीला आयोजन समिति के अनुसार, यह भव्य आयोजन केवल भारत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे 40 से अधिक देशों में 26 भाषाओं में लाइव प्रसारित किया गया। इससे यह प्रमाणित होता है कि रामायण की कथा ने अब वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान हासिल कर ली है।
थ्रीडी तकनीक और बॉलीवुड कलाकारों की भागीदारी
रामकथा पार्क में बने 120 फीट लंबे भव्य मंच पर इस रामलीला का मंचन हुआ, जिसे आधुनिक थ्रीडी तकनीक से सजाया गया। इस संस्करण में बॉलीवुड के 42 से अधिक कलाकारों ने रामायण के प्रमुख पात्रों की भूमिका निभाकर उन्हें जीवंत कर दिया।
पहले तीन दिनों में ही 41 करोड़ दर्शक जुड़े
इस बार रामलीला का प्रसारण दूरदर्शन, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बेहद प्रभावशाली रहा।
सिर्फ पहले तीन दिनों में ही 41 करोड़ दर्शक जुड़ चुके थे, जो बाद में बढ़कर 51 करोड़ तक पहुंच गए।
वैश्विक भागीदारी
इस आयोजन को अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, थाईलैंड, कनाडा, जर्मनी, चीन, दक्षिण अफ्रीका और अन्य कई देशों में लाखों भक्तों ने लाइव देखा। यह दर्शाता है कि रामायण की गूंज अब विश्व स्तर पर सुनाई देने लगी है।



