मध्यप्रदेश

CM मोहन यादव ने किसानों की फसल का किया निरीक्षण करते हुए कांग्रेस पर बोला हमला…

शाजापुर जिले के ग्राम खड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की फसल का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को शाजापुर जिले की पोलायकलां तहसील के ग्राम खड़ी में सोयाबीन की खराब हुई फसल का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है और किसी भी किसान को नुकसान नहीं होने दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कम बारिश और कीट प्रकोप की वजह से जिन क्षेत्रों में फसल खराब हुई है, वहां पूरा सर्वे कराया जाएगा और किसानों को अधिकतम मुआवज़ा दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी कलेक्टर्स को निर्देश दिए कि वे अपने जिलों में फसल खराबे का सर्वे कराएं।

मुख्यमंत्री ने किसान चौपाल में कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर किसानों की जिंदगी बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। उन्होंने शाजापुर कलेक्टर को निर्देश दिया कि जिन किसानों को पिछले वर्षों की फसल बीमा राशि नहीं मिली है, उनके मामलों का जल्द समाधान किया जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि भविष्य में नर्मदा-पार्वती-चंबल-कालीसिंध लिंक परियोजना के तहत शाजापुर जिले के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इससे गरीब किसानों की जिंदगी में बड़ा बदलाव आएगा।

कांग्रेस पर तीखा हमला

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग न तो किसानों की तकलीफ समझते हैं और न ही खेती की जानकारी रखते हैं।

सीएम मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस के लोग बड़े-बड़े कुत्ते पालते हैं। उन्होंने किसानों से पूछा कि हमें क्या पालना चाहिए, इस पर किसानों ने जवाब दिया गाय पालनी चाहिए। सीएम ने कहा कि हमारी परंपरा गाय पालने की रही है। जहां 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है।

इस मौके पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंषाना, विधायक घनश्याम चंद्रवंशी, अरुण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया और डॉ. रवि पांडेय भी मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button